खेल खिलाड़ी | 11.10.2008
भारत ने बचाया फॉलोऑन
कुछ वरिष्ट और निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के अच्छे प्रदर्शन के कारण भारत बंगलौर टेस्ट में फॉलो ऑन बचाने में सफल रहा है.
बंगलौर टेस्ट मैच के तीसरे दिन सवाल था कि वरिष्ठ खिलाड़ी दबाव झेल पाते हैं या नहीं. पिछले दिनों की बहस और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली द्वारा संयास की घोषणा के बाद हर खिलाड़ी पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव था.
लेकिन दबाव में खेल रहे कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों तथा निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के जुझारू प्रदर्शन के कारण भारत ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ फॉलोऑन बचाने में सफल हो गया है. तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उसने आठ विकेट खोकर 313 रन बनाए.
इसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ जोश दिखाने वाले हरभजन सिंह के 54, राहुल द्रविड़ के 51 और सौरव गांगुली के 47 रन शामिल हैं. हरभजन ने इस बार गेंद के बदले बल्ले से कमाल दिखाया और पारी का सर्वाधिक रन बनाया.
भारतीय विकेट लेने वाले सबसे सफल खिलाड़ी मिचेल जॉनसन रहे जिंहे चार विकेट मिले. जबकि शेन वॉटसन ने दो और ब्रेट ली तथा माइकल क्लार्क ने एक एक विकेट लिए.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर इस मैच में नाकाम रहे और 13 रन बनाकर आउट हो गए जबकि वीवीएस लक्षमण अपना खाता खोलने में भी विफल रहे.सुबह गौतम गंभीर के रूप में पहला विकेट गिरा जिंहोंने शुक्रवार के अपने स्कोर में सिर्फ़ एक रन जोड़ा. जोड़ी के जाते ही वीरेंद्र सहवाग भी 45 रन बनाकर चलते बने.
बाद में राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली ने पारी संभाली. गांगुली के आउट होने के बाद हरभजन सिंह और ज़हीर ख़ान ने बिना दबाव के खेलते हुए अच्छा स्कोर किया और 8वें विकेट के लिए 80 रन बनाए. ज़हीर खान 35 रन पर खेल रहे हैं.

























